रांची: राजधानी रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने कथित रंजिश के चलते पूरे परिवार को जिंदा जलाकर मारने की साजिश रच डाली। पुलिस ने इस मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, 10 मार्च की रात सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के मधुकम इलाके में एक घर में आग लगाने की घटना हुई थी। इस आगजनी में पूरे परिवार को निशाना बनाने की कोशिश की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोए के नेतृत्व में पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अमित कुमार नाम के युवक को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी और पीड़ित एक-दूसरे को पहले से जानते थे। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह पीड़ित से रंजिश रखता था। उसका आरोप है कि घर का मालिक उसकी पत्नी पर गलत नजर रखता था। इसी बात से नाराज होकर उसने बदला लेने के लिए घर में आग लगाने की योजना बनाई और पूरे परिवार को खत्म करने की कोशिश की।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।