Bokaro: चास नगर निगम चुनाव के लिए प्रचार थमते ही बोकारो पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। 23 फरवरी को होने वाले मतदान को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
इसी कड़ी में गरगा पुल के समीप बनाए गए चेक नाका पर सघन जांच अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व बोकारो के पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने स्वयं किया। उनके साथ सिटी डीएसपी आलोक रंजन, ट्रैफिक डीएसपी तथा सेक्टर-4 थाना प्रभारी सहित भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
हर वाहन की ली गई तलाशी
जांच के दौरान पुलिस ने सभी छोटी-बड़ी गाड़ियों को रोककर गहन तलाशी ली।
वाहनों की डिक्की की जांच
ड्रिंक एंड ड्राइव टेस्ट
ब्लैक फिल्म लगे वाहनों पर कार्रवाई
संदिग्ध नकदी की जांच
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चुनाव के दौरान अवैध गतिविधियों, शराब और धन के दुरुपयोग पर रोक लगाने के लिए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
एसपी ने स्पष्ट किया कि चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी और शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। पुलिस प्रशासन का दावा है कि मतदान के दिन हर संवेदनशील स्थान पर विशेष निगरानी रखी जाएगी, ताकि मतदाता बिना किसी भय के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।