बुंडू के मांझीटोली स्थित एक खलिहान में आग लगने से सारा धान, पुआल, दो मोबाइल तथा कई मुर्ग़े जलकर राख हो गए । घटना बुधवार रात लगभग दो - ढाई बजे की बताई जाती है । बताया गया कि उक्त खलिहान मांझीटोली निवासी बुधराम उराँव की है । घटना में बुधराम उराँव के दो बच्चे भी झुलसने से बच गए । जब आग लगी उस समय दोनों बच्चे खलिहान में ही कुम्बा बनाकर उसमें सो रहे थे । दोनों भाई ने बताया कि घटना के समय अभिषेक जगा हुआ था जबकि छोटू सो गया था । अभिषेक ने जब देखा कि आग लग गई है तो उसने छोटू को उठाया । फिर पानी लाकर आग बुझाने का प्रयास करने लगे । गाँव वाले भी जमा हुए और आग बुझाने का प्रयत्न किया । ग्रामीणों के सहयोग से आग पर क़ाबू पाया गया, लेकिन तब तक सब जलकर ख़ाक हो चुका था । खलिहान मालिक बुधराम उराँव ने आशंका व्यक्त की है कि किसी ने उसके खलिहान में आग लगा दी है ।