Hazaribag: झारखंड नगर निकाय चुनाव 2026 के तहत हजारीबाग में भी मतदान को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। इसी क्रम में हजारीबाग सदर विधायक प्रदीप प्रसाद ने लोकतंत्र के महापर्व में हिस्सा लेते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वह अपने पूरे परिवार के साथ मतदान केंद्र पहुंचे और वोट देकर नागरिक कर्तव्य निभाया।
मतदान के बाद विधायक ने आम मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग अपने मताधिकार का अवश्य प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि मजबूत स्थानीय सरकार के लिए जनता की भागीदारी बेहद जरूरी है।
हालांकि इस दौरान उन्होंने वोटर लिस्ट में त्रुटियों का आरोप भी लगाया। विधायक ने कहा कि इस बार कई मतदान केंद्रों में बदलाव कर दिया गया है, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि उनका मतदान केंद्र संत कोलंबस कॉलेज में पड़ा है, जबकि उनकी पत्नी और बच्चों का मतदान केंद्र कहां है, इसकी जानकारी अलग से करनी पड़ी। उन्होंने कहा कि पहले पूरे परिवार का नाम संत कोलंबस कॉलेज के बूथ नंबर 1 में हुआ करता था।
विधायक ने प्रशासन से वोटर लिस्ट में हुई त्रुटियों को सुधारने की मांग की, ताकि भविष्य में मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।