Ranchi: राजधानी में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए। एयरपोर्ट थाना क्षेत्र स्थित एक रेस्टोरेंट में घुसकर बदमाशों ने फायरिंग कर दी, जिसमें रेस्टोरेंट के एक वेटर की मौत हो गई। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें पूरी वारदात कैद हो गई है।
सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि दो बाइक सवार अपराधी रेस्टोरेंट के पास पहुंचते हैं। इसके बाद उनमें से एक अपराधी रेस्टोरेंट के अंदर घुसकर फायरिंग करता है। गोली लगने से वहां काम कर रहे वेटर गंभीर रूप से घायल हो जाते हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों अपराधी बाइक से मौके से फरार हो जाते हैं।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायल वेटर को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।