Dest: असम विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र चबुआ विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने अपने प्रत्याशी भूबेन मुरारी के समर्थन में जनसंपर्क अभियान को धार दे दी है। इसी क्रम में गांडेय की विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन ने क्षेत्र का दौरा कर मतदाताओं से JMM के पक्ष में वोट देने की अपील की।
अपने दौरे के दौरान कल्पना सोरेन ने चबुआ के चाय बागानों में काम करने वाले मजदूरों से मुलाकात की और उनसे सीधे संवाद स्थापित किया। उन्होंने श्रमिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनकी सामाजिक-आर्थिक स्थिति की जानकारी ली।
इस अभियान में सांसद श्रीमती जोबा माझी भी उनके साथ मौजूद रहीं। दोनों नेताओं ने श्रमिकों को भरोसा दिलाया कि JMM उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाकर समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।
नेताओं ने कहा कि चाय बागान मजदूर लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं और बेहतर जीवन स्तर की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी अनदेखी होती रही है। JMM इन मुद्दों को प्रमुखता से उठाकर उनके अधिकार दिलाने का काम करेगा।
चुनावी माहौल में इस सक्रिय जनसंपर्क अभियान से चबुआ विधानसभा क्षेत्र में JMM की स्थिति मजबूत होने की संभावना जताई जा रही है।