Ranchi: झारखंड में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। राज्य सरकार पुलिस व्यवस्था को हाईटेक बनाने की तैयारी में है। इसके तहत दंगा नियंत्रण, सुरक्षा और परिवहन सुविधाओं को बेहतर करने के लिए कई आधुनिक वाहनों की खरीद की जाएगी।
यह फैसला मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई प्रशासी पदवर्ग समिति की बैठक में लिया गया। बैठक में विकास आयुक्त, कार्मिक सचिव, वित्त सचिव और योजना एवं विकास विभाग के सचिव भी शामिल रहे।
सरकार द्वारा जिन वाहनों की खरीद की योजना बनाई गई है, उनमें कैदियों के परिवहन से लेकर दंगा नियंत्रण और पुलिस बल की त्वरित तैनाती तक की जरूरतों को ध्यान में रखा गया है।
खरीदे जाने वाले वाहनों की सूची इस प्रकार है:
कैदी वाहन – 7
दंगा नियंत्रण वाहन – 2
वाटर टैंकर – 12
वाटर कैनन – 5
150 से 180 सीसी के टू-व्हीलर – 50
ट्रूप कैरियर – 27
42 सीटर बस – 6
इन संसाधनों के शामिल होने से पुलिस की प्रतिक्रिया क्षमता तेज होगी और बड़े आयोजनों या संवेदनशील स्थितियों में बेहतर नियंत्रण संभव हो सकेगा।
वहीं, प्रशासनिक स्तर पर भी बदलाव देखने को मिलेगा। पर्यटन, खेलकूद, कला एवं संस्कृति विभाग के सचिव के लिए नई गाड़ी खरीदने की भी अनुशंसा की गई है। अब विभाग के सचिव आधुनिक सुविधाओं से लैस टोयोटा इनोवा क्रिस्टा ZX में सफर करेंगे।
इस पहल को राज्य में सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी एवं आधुनिक बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।