Ranchi: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान राज्य में संपन्न निकाय चुनाव को लेकर सरकार और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र का महापर्व संपन्न हुआ है और लगभग 50 प्रतिशत मतदान हुआ है। इसके लिए उन्होंने राज्य के 48 नगर निकायों की जनता और निर्वाचन आयोग को धन्यवाद दिया। हालांकि उन्होंने दावा किया कि यह चुनाव भाजपा के दबाव के कारण कराया गया, क्योंकि राज्य सरकार निकाय चुनाव कराने के पक्ष में नहीं थी।
आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि भाजपा ने पहले ही आशंका जताई थी कि सरकार पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर विभिन्न हथकंडे अपनाएगी। उन्होंने कहा कि लाखों मतदाताओं को वोट देने से वंचित किया गया और भगवा गमछा पहनकर मतदान केंद्र पहुंचे मतदाताओं को रोके जाने की शिकायतें मिली हैं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एक विशेष दल को सहयोग देने की सूचना मिली है और सत्ताधारी दल ने पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर जनता के लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन किया है।
प्रदेश अध्यक्ष ने चुनाव आयोग से मांग की कि मतगणना निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराई जाए, ताकि लोकतंत्र की मर्यादा बनी रहे।