रांची: पुंदाग ओपी क्षेत्र स्थित अनसूल अपार्टमेंट के सामने निर्माणाधीन भवन से एक युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान उसी अपार्टमेंट में पेंट-पुट्टी का काम करने वाले वसीम मंसूरी के रूप में हुई है, जो 2 फरवरी से लापता था। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होने पर पुलिस ने जांच शुरू की।
इस संबंध में मृतक के पिता जसीम मंसूरी ने थाना में लिखित आवेदन देकर वसीम के साथ काम करने वाले साहिद असारी, दिलशाद तथा अन्य अज्ञात के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई। मामला जगन्नाथपुर (पुंदाग ओपी) थाना कांड संख्या 24/28, दिनांक 04 फरवरी 2026, धारा 103(1)/238/3(5) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के नेतृत्व में डीएसपी हटिया की अगुवाई में विशेष अनुसंधान टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में मुख्य आरोपी साहिद असारी ने बताया कि उसका मृतक की बहन के साथ प्रेम प्रसंग था। कुछ दिन पूर्व दोनों को मिलने के दौरान वसीम और उसके परिजनों ने साहिद की पिटाई की थी और जान से मारने की धमकी दी थी। इसी रंजिश में साहिद ने अपने साथी मुसरफ के साथ मिलकर 2 फरवरी को वसीम को काम के बहाने निर्माणाधीन अपार्टमेंट में बुलाया और चाकू व डंडे से वार कर उसकी हत्या कर दी। बाद में शव को छिपाने की नीयत से लिफ्ट शाफ्ट के पानी भरे गड्ढे में फेंक दिया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त खून लगा चाकू, डंडा, खून सने कपड़े और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।