Ramgarh: झारखंड के विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ रजरप्पा मंदिर परिसर में श्रद्धालु के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार के मामले में रामगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। रामगढ़ एसपी अजय कुमार ने त्वरित कदम उठाते हुए चार पुलिसकर्मियों—श्याम लाल महतो, राधेश्याम कुजूर, बहादुर उरांव और जॉनसन सुरीन—को निलंबित कर दिया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी स्वयं रजरप्पा मंदिर परिसर पहुंचे और पूरे प्रकरण की जानकारी ली।
निकास द्वार पर हुआ था विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना रजरप्पा मंदिर के निकास द्वार की है। मंदिर में पूजा-अर्चना करने आए एक श्रद्धालु ने निकास द्वार से अंदर प्रवेश करने की कोशिश की। वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि सुरक्षाकर्मियों ने आपा खो दिया और श्रद्धालु के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना के दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरे मामले का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे और लोगों में नाराजगी देखी गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने तुरंत जांच के आदेश दिए। जांच रिपोर्ट के आधार पर चारों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।