Ranchi: करीब तीन साल के लंबे इंतजार के बाद राजधानी रांची को आखिरकार नई शहर सरकार मिल गई। गुरुवार को आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में नई मेयर रोशनी खलखो समेत 53 नवनिर्वाचित वार्ड पार्षदों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली।
वार्ड संख्या 31 के पार्षद नीरज कुमार को डिप्टी मेयर चुना गया। उन्हें कुल 38 पार्षदों का समर्थन मिला। उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने सभी जनप्रतिनिधियों को शपथ दिलाई।
नई नगर सरकार के सामने सबसे बड़ी चुनौती सीमित संसाधनों के बीच जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना है। नगर निगम की आर्थिक स्थिति फिलहाल मजबूत नहीं है। चालू वित्तीय वर्ष में 2610 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत है, लेकिन अब तक केवल 115 करोड़ रुपये की ही आय हो पाई है।
ऐसे में शहर के विकास कार्य काफी हद तक केंद्र और राज्य सरकार से मिलने वाले अनुदान पर निर्भर रहेंगे। समय पर फंड नहीं मिलने की स्थिति में योजनाओं को जमीन पर उतारना नई टीम के लिए आसान नहीं होगा।