Bokaro: गोमिया में बीती रात एक बालू लदे ट्रैक्टर ने ऐसा कहर बरपाया कि दो अलग-अलग जगहों पर हुए सड़क हादसों में तीन लोगों की जान चली गई। हैरानी की बात यह है कि दोनों घटनाओं में शामिल ट्रैक्टर एक ही था, जो अवैध बालू ढुलाई के कारण तेज रफ्तार में था।
पहली घटना गोमिया थाना क्षेत्र के तुलबुल गांव के पास तुलबुल-खिजुरिया टांड़ के समीप हुई। बताया जा रहा है कि अवैध बालू लादकर ट्रैक्टर तेज गति से ललपनिया की ओर जा रहा था। इसी दौरान बाइक सवार चंद्र किशोर प्रसाद की बाइक ट्रैक्टर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चंद्र किशोर प्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
इसके कुछ ही देर बाद दूसरी घटना ललपनिया थाना क्षेत्र में घटी। पहली घटना के बाद भाग रहा वही ट्रैक्टर अचानक सड़क पर खराब होकर रुक गया। पीछे से आ रही पल्सर बाइक ट्रैक्टर की ट्रॉली से जा टकराई। बाइक पर सवार तुलबुल गांव के दो युवक—कृष्ण मुर्मू और उमेश किस्कू—की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रॉली को मौके पर छोड़कर ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया।
पहली घटना में मृत चंद्र किशोर प्रसाद का शव गोमिया पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं दूसरी घटना में मृत दोनों युवकों के परिजनों ने शव उठाने से इनकार कर दिया है। आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर आंदोलन शुरू कर दिया है, जिससे ललपनिया-गोमिया मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में अवैध बालू कारोबार के कारण ट्रैक्टर चालक बेखौफ होकर तेज रफ्तार में वाहन चलाते हैं, जिससे इस तरह की घटनाएं लगातार हो रही हैं। प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है।