Ranchi: समाजसेवा और हिंदू धर्म की रक्षा व विकास के लिए कार्यरत संगठन विश्व हिन्दू परिषद ने अपनी स्थापना के सौ वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर राजधानी रांची में विराट हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया। इस मौके पर शहर में भव्य शोभा यात्रा निकाली गई और शास्त्री मैदान में विशाल सभा आयोजित की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत रांची के चुटिया स्थित श्रीराम मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। यहां से निकली शोभा यात्रा शास्त्री मैदान तक पहुंची। यात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं सिर पर कलश लेकर चल रही थीं। शोभा यात्रा का आकर्षण रथ पर सवार होकर आगे-आगे चल रहे हनुमान गढ़ी अयोध्या के महंत राजू दास रहे।
शोभा यात्रा जब चुटिया के शास्त्री मैदान पहुंची तो वह विराट हिन्दू सम्मेलन में तब्दील हो गई। मैदान में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति ने आयोजन को ऐतिहासिक स्वरूप दे दिया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए महंत राजू दास ने नागरिकों से सच्चा राष्ट्रवादी बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म ऐसा धर्म है, जो किसी से भेदभाव नहीं करता और सभी को समान भाव से स्वीकार करता है, चाहे वह किसी भी पंथ या मजहब को मानने वाला क्यों न हो।
वहीं विश्व हिन्दू परिषद के रांची महानगर अध्यक्ष कैलाश केशरी ने कहा कि देश में हिंदुओं को बांटने की साजिश चल रही है। उन्होंने जातिगत बंधनों से ऊपर उठकर राष्ट्रवाद की भावना के साथ सभी हिंदुओं को एकजुट होने का आह्वान किया।
सम्मेलन के दौरान वक्ताओं ने सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक जागरूकता और संगठनात्मक मजबूती पर जोर देते हुए समाज को संगठित रहने का संदेश दिया।