Ranchi: रांची रेल मंडल में 83वीं अखिल भारतीय पुरुष रेलवे हॉकी चैंपियनशिप लीग का भव्य शुभारंभ हुआ. यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता रेलवे स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड, नई दिल्ली के सौजन्य से आयोजित की जा रही है, जिसकी मेजबानी रांची रेल मंडल को मिली है. उद्घाटन समारोह एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में पारंपरिक उत्साह और रंगारंग कार्यक्रमों के बीच संपन्न हुआ.
उद्घाटन सत्र में रांची रेल मंडल के डीआरएम करुणा निधि सिंह, भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान असुंता लकड़ा, खेल एवं पर्यटन कला विभाग के सचिव मुकेश कुमार, झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव, रांची रेल मंडल की सीनियर कमर्शियल मैनेजर सूची सिंह सहित कई राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी और गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे.
इस चैंपियनशिप में भारतीय रेलवे की विभिन्न ज़ोनल रेलवे और इकाइयों की कुल 9 टीमें भाग ले रही हैं. इनमें दक्षिण मध्य रेलवे, दक्षिण पश्चिम रेलवे, रेल व्हील फैक्टरी (बेंगलुरु), पूर्व तट रेलवे, उत्तर मध्य रेलवे, उत्तर पूर्व रेलवे, पश्चिम मध्य रेलवे, उत्तर पश्चिम रेलवे और दक्षिण पूर्व रेलवे की टीमें शामिल हैं. प्रतियोगिता में देशभर के प्रतिभाशाली रेलवे खिलाड़ी अपने कौशल का प्रदर्शन करेंगे.
उद्घाटन समारोह के दौरान झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संगीत और नृत्य के माध्यम से शानदार ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिसने कार्यक्रम को और भी आकर्षक बना दिया.
डीआरएम करुणा निधि सिंह ने इस आयोजन के लिए रेलवे बोर्ड, नई दिल्ली का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि झारखंड के खिलाड़ियों ने विश्व स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है और यह आयोजन राज्य के खेल जगत को नई दिशा देगा. वहीं असुंता लकड़ा ने कहा कि झारखंड की धरती पर इतने बड़े आयोजन का होना गर्व की बात है और सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं. सीनियर कमर्शियल मैनेजर सूची सिंह ने भी भाग ले रही 9 ज़ोन की टीमों और खिलाड़ियों को बधाई दी.
रांची में आयोजित यह चैंपियनशिप न केवल रेलवे खिलाड़ियों के लिए एक बड़ा मंच है, बल्कि झारखंड में हॉकी के विकास को भी नई ऊर्जा देने वाला साबित होगा.