Ramgarh: रामगढ़ जिले की चुटूपालू घाटी में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। ढलान पर उतरते समय कंटेनर का ब्रेक फेल हो गया और वह आगे चल रहे ट्रेलर से जा टकराया। टक्कर के बाद कंटेनर के केबिन में आग लग गई, जिसमें फंसे चालक की मौके पर ही जलकर मौत हो गई।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक, कंटेनर रांची से रामगढ़ की ओर जा रहा था। चुटूपालू घाटी उतरते समय अचानक ब्रेक फेल होने से वाहन अनियंत्रित हो गया और तेज रफ्तार में आगे चल रहे ट्रेलर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कंटेनर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के तुरंत बाद शॉर्ट सर्किट या घर्षण के कारण केबिन में आग भड़क उठी। चालक स्टीयरिंग और मलबे के बीच फंस गया और बाहर नहीं निकल सका। आग की लपटों में घिरने से उसकी मौत हो गई। वहीं, ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
राहत-बचाव में आई दिक्कत
राहगीरों ने आग बुझाने और चालक को निकालने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी विकराल थी कि पास जाना मुश्किल हो गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची, मगर तब तक चालक दम तोड़ चुका था। मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है।
तीन किलोमीटर तक लगा जाम
दुर्घटना के बाद रांची–पटना मुख्य मार्ग पर यातायात ठप हो गया और दोनों ओर करीब तीन किलोमीटर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर रास्ता साफ कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि आवागमन बहाल हो