Ranchi: टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में जहां भारत की जीत का जश्न मनाया जा रहा था, वहीं टीम इंडिया के युवा क्रिकेटर इशान किशन के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार फाइनल मुकाबले से ठीक पहले उनकी चचेरी बहन वैष्णवी और उनके जीजा ऋत्विक ठाकुर की एक भीषण सड़क दुर्घटना में मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि यह हादसा सिलीगुड़ी के पास नेशनल हाईवे-27 पर हुआ। दोनों एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे, तभी उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर इशान के पिता प्रणव पांडे पटना एयरपोर्ट के लिए निकल चुके थे, जहां से उन्हें अहमदाबाद जाकर फाइनल मैच देखना था। हादसे की खबर मिलते ही उन्होंने अपनी यात्रा रद्द कर दी और तुरंत सिलीगुड़ी के लिए रवाना हो गए।
दुखद खबर के बावजूद इशान किशन ने हिम्मत नहीं हारी और देश के लिए मैदान पर उतरने का फैसला किया। भारी मन और दर्द को छिपाते हुए उन्होंने फाइनल मुकाबले में शानदार बल्लेबाजी की और अहम अर्धशतक (50 रन) जड़कर भारत की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मैच खत्म होने के बाद जब यह खबर सामने आई, तो सोशल मीडिया पर प्रशंसकों ने इशान के साहस और जज्बे की सराहना की। एक तरफ देश वर्ल्ड कप जीत का जश्न मना रहा था, तो दूसरी तरफ इशान किशन के घर गहरा मातम पसरा हुआ था।