हजारीबाग: विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र में एक सप्ताह पहले हुई मासूम बच्ची की दरिंदगी और हत्या के मामले में एसआईटी जांच ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बच्ची की हत्या अवैध संबंधों के राज खुलने के डर से की गई थी।
पुलिस इस मामले में बच्ची की एक करीबी महिला रिश्तेदार, उसके प्रेमी और एक स्थानीय नेता को मुख्य साजिशकर्ता मानकर जांच कर रही है। सभी से गहन पूछताछ की गई है, जिसमें कई अहम सुराग हाथ लगे हैं।
सूत्रों के अनुसार, मंगला जुलूस की रात गांव के ज्यादातर लोग बाहर थे। इसी दौरान महिला ने अपने प्रेमी को घर बुलाया। इसी बीच बच्ची वहां पहुंच गई और दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया।
बताया जा रहा है कि राज खुलने के डर से महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर बच्ची की हत्या कर दी। इसके बाद दोनों ने मिलकर शव को ठिकाने लगाने की कोशिश भी की।
इस घटना के सामने आने के बाद पूरे राज्य में आक्रोश है। विपक्षी दलों ने विरोध तेज कर दिया है और झारखंड बंद व मशाल जुलूस की घोषणा की है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए हाई कोर्ट ने भी स्वतः संज्ञान लेते हुए डीजीपी और गृह सचिव को नोटिस जारी किया है। पुलिस अधीक्षक भी कोर्ट में वर्चुअली पेश हो चुके हैं।
सूत्रों के मुताबिक, हजारीबाग पुलिस जल्द ही इस पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा कर सकती है। जांच में मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) अहम कड़ी साबित हुआ है।
यह मामला राज्य में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।