Ranchi: झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के अंतिम दिन सदन में खनन से जुड़े गंभीर मुद्दे जोर-शोर से उठे। भाजपा विधायक रागनी सिंह ने धनबाद क्षेत्र में कोयला खनन के दौरान हो रही समस्याओं को लेकर सरकार को घेरा और व्यवस्था पर सवाल खड़े किए।
रागनी सिंह ने कहा कि धनबाद इलाके में बड़े पैमाने पर कोयले का खनन होता है, लेकिन उत्खनन क्षेत्र के लोगों को लगातार कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को वह पहले भी कई बार सदन में उठा चुकी हैं, लेकिन अब तक ठोस समाधान नहीं निकल पाया है।
उन्होंने विशेष रूप से जांच कमेटियों के गठन पर सवाल उठाते हुए कहा कि कमेटियों में स्थानीय विधायकों को शामिल नहीं किया जाता, बल्कि दूसरे क्षेत्रों के विधायकों को जिम्मेदारी दी जाती है। ऐसे में वे वहां की वास्तविक समस्याओं को कैसे समझ पाएंगे।
विधायक ने कहा कि खनन क्षेत्रों में ब्लास्टिंग के दौरान आसपास के घरों में दरारें आ जाती हैं, जिससे लोगों की सुरक्षा पर खतरा बढ़ जाता है। कई बार बुजुर्गों और बच्चों के घायल होने की भी घटनाएं सामने आती हैं।
उन्होंने सरकार से मांग की कि खनन से जुड़े मामलों की जांच के लिए बनने वाली कमेटियों में स्थानीय प्रतिनिधियों को प्राथमिकता दी जाए, ताकि जमीनी हकीकत के आधार पर सही रिपोर्ट तैयार हो सके और प्रभावित लोगों को राहत मिल सके।
सदन में इस मुद्दे के उठने के बाद खनन प्रभावित इलाकों की समस्याओं को लेकर एक बार फिर बहस तेज होने की संभावना है।