प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर झारखंड का व्यावसायी वर्ग स्वदेशी अपनाएं आत्मनिर्भर भारत बनाएं की राह पर चल पड़ा है। लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त को जो आह्वान किया था उस दिशा में फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स ने अपना पहला कदम बढ़ाया है। चेंबर अध्यक्ष परेश गट्टानी और अन्य प्रतिनिधियों ने केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री और रांची के सांसद संजय सेठ के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान राज्यसभा के पूर्व सांसद महेश पोद्दार भी मौजूद रहे। बाद में पत्रकारों से बातचीत में रक्षा राज्य मंत्री ने बताया कि आगामी 27 अगस्त से गणपति उत्सव के मौके पर झारखंड में स्वदेशी अपनाएं आत्मनिर्भर भारत बनाएं अभियान की शुरुआत होगी। उन्होंने कहा कि कम दाम ठोस सामान अभियान की शुरुआत जब राजधानी रांची से शुरू होगी तब इसकी गूंज झारखंड के गांव और कस्बों तक पहुंचेगी। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि एक समय था जब रक्षा उत्पादों के आयातक के रूप में भारत की पहचान थी आज आत्मनिर्भर भारत ने रक्षा उपकरणों के निर्यातक देश के रूप में अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि खिलौने के क्षेत्र में भी भारत में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि कोरोना काल को भारत ने आपदा को अवसर के रूप में लिया।