Hazaribagh: होली का त्योहार नजदीक आते ही हर किसी के मन में फगुआ गूंजने लगता है। रंगों और उल्लास का यह पर्व लोगों को पहले से ही उत्साह से भर देता है। कुछ ऐसा ही खुशनुमा नजारा हजारीबाग में देखने को मिला, जहां खबरों की दुनिया में व्यस्त रहने वाले पत्रकार खुद रंग और उमंग में सराबोर नजर आए।
हजारीबाग प्रेस क्लब की ओर से आयोजित होली मिलन समारोह में जिले के साथ-साथ विभिन्न प्रखंडों से आए पत्रकारों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम में अबीर-गुलाल लगाकर एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दी गईं। माहौल फगुआ गीतों और हंसी-ठिठोली से गुलजार रहा।
समारोह के दौरान पारंपरिक व्यंजनों और पूर्वा-पकवान का भी विशेष इंतजाम किया गया था, जिसका सभी ने आनंद उठाया। रंगों के बीच आपसी भाईचारे और एकता का संदेश भी दिया गया।
मौके पर प्रेस क्लब के अध्यक्ष सह वरिष्ठ पत्रकार मुरारी सिंह ने कहा कि होली ऐसा पर्व है, जो हर दिल में उमंग भर देता है। “यह त्योहार ही कुछ ऐसा है कि मन अपने आप फगुआ गाने और खुशियां बांटने को करता है,” उन्होंने कहा।
समारोह सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ और सभी ने एक-दूसरे को सुरक्षित एवं खुशहाल होली की शुभकामनाएं दीं।