Hazaribagh: जिले में हाल के दिनों में बढ़ी छिनतई और झांसा देकर गहने ठगने की घटनाओं को लेकर पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को हजारीबाग प्रक्षेत्र के डीआईजी ने सदर एसडीपीओ तथा विभिन्न थाना प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक में सदर थाना, लोहसिंघना थाना, बड़ा बाजार ओपी और कोर्रा थाना क्षेत्र में पिछले दो महीनों के दौरान हुई छिनतई और धोखाधड़ी की घटनाओं का विस्तृत विश्लेषण किया गया। डीआईजी ने हर मामले की वर्तमान स्थिति और अब तक की गई कार्रवाई की बिंदुवार जानकारी ली।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही घटनाओं में शामिल आपराधिक गिरोहों की पहचान कर उनके खिलाफ त्वरित गिरफ्तारी अभियान चलाने का आदेश दिया गया।
समीक्षा के दौरान यह भी सामने आया कि इस तरह की आपराधिक गतिविधियां केवल हजारीबाग तक सीमित नहीं हैं, बल्कि पड़ोसी जिलों गिरिडीह और रामगढ़ में भी सक्रिय गिरोह वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। डीआईजी ने संबंधित जिलों के पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए।
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।