रांची/अनगढ़ा: राजधानी रांची के अनगढ़ा थाना क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब गेतलसूद चौक के पास स्थित एक शराब दुकान पर अज्ञात अपराधियों ने फायरिंग कर दी। सूचना के अनुसार बदमाशों ने दुकान को निशाना बनाते हुए करीब पांच राउंड गोलियां चलाईं।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए।
सूत्रों के मुताबिक घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। हालांकि अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
प्राथमिक जांच में फायरिंग के पीछे रंगदारी या आपसी विवाद की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी का दावा किया है।
इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पुलिस गश्त बढ़ा दी गई हैं।