रांची: होली के त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए रांची जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैनाती कर दी गई है, जबकि शहर में गश्ती भी तेज कर दी गई है।
जिले के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने आम जनता से अपील की है कि होली को शांति और भाईचारे के साथ मनाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी तरह का हुड़दंग, जबरन रंग लगाना या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने खास तौर पर महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता दी है। छेड़खानी या किसी भी प्रकार की अभद्रता को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही लोगों से ऑर्गेनिक रंगों के उपयोग की अपील की गई है, ताकि स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से बचा जा सके।
सोशल मीडिया पर भी प्रशासन की विशेष नजर है। अफवाह फैलाने या भड़काऊ पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।