हजारीबाग: होली के त्योहार को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जिले में व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। मरीजों की सुविधा के लिए जिला अस्पताल सहित सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) में 24 घंटे इलाज की व्यवस्था की गई है। इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टरों की अतिरिक्त ड्यूटी लगाई गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SBMCH) के इमरजेंसी विभाग में चौबीसों घंटे चिकित्सकीय सेवा उपलब्ध रहेगी। यहां चर्म रोग और नेत्र रोग विशेषज्ञों की विशेष तैनाती की गई है। होली के दौरान रंग और गुलाल से आंखों व त्वचा में एलर्जी, जलन या संक्रमण की शिकायतें बढ़ जाती हैं। ऐसे में मरीजों को भटकना न पड़े, इसके लिए अस्पताल प्रबंधन ने विशेष इंतजाम किए हैं।
जिले के सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि जिला अस्पताल के साथ-साथ सभी सीएचसी में भी डॉक्टर 24 घंटे उपलब्ध रहेंगे। गंभीर रूप से घायल या जटिल स्थिति वाले मरीजों को आवश्यकतानुसार उच्च केंद्रों में रेफर किया जाएगा।
मारपीट, सड़क दुर्घटना या अन्य आपात हालात में घायल लोगों को तुरंत इलाज मिल सके, इसके लिए एंबुलेंस सेवा भी सक्रिय रहेगी। 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से मरीज नि:शुल्क अस्पताल पहुंच सकते हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि होली खुशियों और भाईचारे का त्योहार है। इसे शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं, नशे और अल्कोहल से दूर रहें तथा सुरक्षित तरीके से रंगों का उपयोग करें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।