Bokaro: बोकारो के पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने सेक्टर-6 थाना का वार्षिक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने थाना में संधारित दस्तावेजों, लंबित कांडों की स्थिति तथा विभिन्न आपराधिक मामलों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की.
निरीक्षण के दौरान एसपी ने कार्यालय अभिलेखों के रखरखाव, दस्तावेजों के संधारण और पुलिस बल के रहन-सहन की व्यवस्था का भी जायजा लिया. उन्होंने देखा कि किन-किन बिंदुओं पर सुधार की आवश्यकता है और कौन-कौन सी कमियां अभी शेष हैं. समीक्षा के दौरान कुछ खामियां पाई गईं, जिनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कदम उठाने और सभी रिकॉर्ड को अद्यतन करने का निर्देश दिया गया.
एसपी हरविंदर सिंह ने अनुसंधान अधिकारियों को निर्देशित किया कि आपराधिक मामलों के अनुसंधान में तेजी लाई जाए तथा लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने थाना में आने वाले आम लोगों के साथ शालीन और संवेदनशील व्यवहार करने की भी हिदायत दी.
उन्होंने कहा कि पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय और विश्वास कायम करना प्राथमिकता होनी चाहिए. जनता के सहयोग से ही प्रभावी पुलिसिंग संभव है, जिससे क्षेत्र में शांति व्यवस्था मजबूत होगी और आम लोगों को सुरक्षित वातावरण मिलेगा.