Bokaro: बोकारो स्टील प्लांट के संकार्य प्रभाग के अंतर्गत टेक्निकल सेल विभाग द्वारा संकलित त्रैमासिक टेक्निकल बुलेटिन “The Endeavor” के पहले अंक का विमोचन अधिशासी निदेशक (संकार्य) अनूप कुमार दत्त के कर कमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्लांट के कई वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
इस त्रैमासिक बुलेटिन में प्लांट से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों को समाहित किया गया है। इसमें सुरक्षा, पर्यावरण और स्वास्थ्य से संबंधित जानकारियों के साथ-साथ प्लांट के अंदर और बाहर चल रही कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई है।
इसके अतिरिक्त बुलेटिन में प्लांट के विभिन्न विभागों में एकल स्रोत से खरीदे जाने वाले पुर्जों और उपकरणों को प्रतिस्पर्धात्मक निविदा प्रक्रिया के माध्यम से खरीदने के प्रयासों को भी प्रमुखता से दर्शाया गया है, ताकि खरीद प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और प्रभावी बन सके।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य महाप्रबंधक (टेक्निकल सेल) अजय कुमार के अलावा मुख्य महाप्रबंधक (सुरक्षा), मुख्य महाप्रबंधक (मैकेनिकल), मुख्य महाप्रबंधक (कोल्ड रोलिंग मिल्स), मुख्य महाप्रबंधक (रिफ्रैक्टरी), मुख्य महाप्रबंधक (इंस्ट्रूमेंटेशन) तथा अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
इस अवसर पर अधिशासी निदेशक (संकार्य) अनूप कुमार दत्त ने बुलेटिन के प्रथम अंक के सफल प्रकाशन के लिए टेक्निकल सेल की पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि आने वाले अंकों में सामग्री को और अधिक समृद्ध, उपयोगी और ज्ञानवर्धक बनाने का प्रयास किया जाना चाहिए, ताकि यह प्लांट के कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए एक महत्वपूर्ण तकनीकी संदर्भ के रूप में विकसित हो सके।