Ranchi: संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा-2025 (14वीं जेपीएससी) को लेकर चल रहे उम्र सीमा विवाद के बीच राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने घोषणा की है कि झारखंड लोक सेवा आयोग की 14वीं संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा के लिए कट-ऑफ डेट वर्ष 2022 निर्धारित की जाएगी।
सरकार के इस फैसले से उन अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिली है, जो पूर्व निर्धारित कट-ऑफ तिथि के कारण उम्र सीमा की बाधा में फंस गए थे और परीक्षा में शामिल नहीं हो पा रहे थे। लंबे समय से अभ्यर्थी कट-ऑफ डेट में संशोधन की मांग कर रहे थे।
गौरतलब है कि उम्र सीमा में छूट को लेकर कई अभ्यर्थियों ने झारखंड हाईकोर्ट का दरवाजा भी खटखटाया था, जहां से उन्हें आंशिक राहत मिली थी। अब सरकार की नई घोषणा के बाद हजारों उम्मीदवारों के लिए परीक्षा में शामिल होने का रास्ता साफ हो गया है।
इस निर्णय को अभ्यर्थियों के हित में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा हैं।