रांची: झारखंड पुलिस मुख्यालय ने राज्यभर में VIP, VVIP और अन्य व्यक्तियों को दी जा रही सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्ती दिखाते हुए बड़ा निर्देश जारी किया है। पुलिस डीजीपी कार्यालय की ओर से सभी जिलों के एसपी को पत्र भेजकर सुरक्षा में तैनात अंगरक्षकों का विस्तृत ब्यौरा 24 घंटे के भीतर उपलब्ध कराने को कहा गया है।
आईजी अभियान द्वारा जारी इस आदेश को अत्यंत जरूरी श्रेणी में रखा गया है, जिससे साफ है कि मुख्यालय सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा करना चाहता है। सभी जिलों को निर्धारित समय सीमा के भीतर हर हाल में रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है।
मुख्यालय ने जो जानकारी मांगी है, उसमें VIP और VVIP समेत अन्य सुरक्षा प्राप्त व्यक्तियों के नाम, उनकी सुरक्षा में तैनात अंगरक्षकों की संख्या, तैनाती की अवधि, अंगरक्षकों के पास उपलब्ध हथियारों का पूरा विवरण और सुरक्षा प्रदान करने से जुड़े आधिकारिक आदेश की जानकारी शामिल है।
इस पहल को राज्य में सुरक्षा संसाधनों के बेहतर प्रबंधन और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।