Ranchi: राँची नगर निगम चुनाव के तहत वार्ड-25 का परिणाम फिलहाल रोक दिया गया है। बैलेट पेपर में डुप्लीकेट स्टाम्प के इस्तेमाल के आरोप के बाद चुनावी प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, कुछ प्रत्याशियों ने मतगणना के दौरान बैलेट पेपर पर एक जैसे स्टाम्प की छाप होने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि इससे मतदान की पारदर्शिता प्रभावित हो सकती है।
विवाद बढ़ने के बाद वार्ड-25 के सभी प्रत्याशी झारखंड राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यालय पहुंचे और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। प्रत्याशियों ने लिखित शिकायत सौंपते हुए परिणाम घोषित करने पर रोक लगाने की अपील की है।
सूत्रों के मुताबिक, आयोग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जांच पूरी होने तक वार्ड-25 का परिणाम घोषित नहीं किया जाएगा।
इस घटनाक्रम के बाद वार्ड-25 में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है और समर्थकों के बीच भी चर्चा का माहौल बना हुआ है।