रांची: राजधानी रांची के नामकुम थाना में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। 12 वर्षीय बच्चे के अपहरण और हत्या के आरोपी ने थाना हाजत में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना बुधवार देर रात की बताई जा रही है। गुरुवार सुबह पुलिस ने मृतक जगय मुंडा के शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, मृतक जगय मुंडा खूंटी जिले के साइको थाना क्षेत्र स्थित कोल्हापूर्ति गांव का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि उसका उसी गांव की एक महिला के साथ अवैध संबंध था और दोनों फिलहाल नामकुम थाना क्षेत्र में रह रहे थे। रविवार को किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था।
विवाद के बाद आरोपी ने महिला के 12 वर्षीय बेटे रमेश हजाम का अपहरण कर लिया। इसके बाद वह बच्चे को रामगढ़ थाना क्षेत्र के घाटो इलाके में ले गया, जहां उसकी हत्या कर शव को जमीन में दफना दिया।
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जगय मुंडा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसने बच्चे के अपहरण और हत्या की बात स्वीकार कर ली। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने रामगढ़ के घाटो इलाके से बच्चे का शव भी बरामद कर लिया।
इसके बाद पुलिस आरोपी को नामकुम थाना लेकर आई। देर रात उसने थाना हाजत में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।