Ranchi: झारखंड की लाइफलाइन मानी जाने वाली रांची-पटना मुख्य मार्ग पर स्थित चूटूपालू घाटी में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। रांची से रामगढ़ की ओर जा रहा एक भारी ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क के बीचों-बीच पलट गया। हादसे के बाद घाटी में वाहनों की रफ्तार पूरी तरह थम गई और सड़क के दोनों ओर करीब चार किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
दो हिस्सों में बंट गया ट्रेलर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर तेज रफ्तार में था और घाटी के घुमावदार मोड़ पर चालक नियंत्रण खो बैठा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रेलर का अगला हिस्सा पिछले हिस्से से अलग हो गया। हादसे के बाद ट्रेलर का पिछला हिस्सा चालक के केबिन के पास ही फंस गया, जिससे सड़क का बड़ा हिस्सा पूरी तरह जाम हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी की जान नहीं गई।
घंटों जाम में फंसे रहे वाहन
घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैफिक व्यवस्था संभालने की कोशिश की। प्रशासन ने एक लेन बंद कर दूसरी लेन से वाहनों को निकालने की योजना बनाई, लेकिन वाहनों की भारी भीड़ के कारण यह प्रयास सफल नहीं हो सका।
जाम में सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन, बसें और एंबुलेंस तक घंटों फंसी रहीं। पुलिस क्रेन और हाइड्रा मशीन की मदद से पलटे ट्रेलर को हटाने का प्रयास करती रही, लेकिन खबर लिखे जाने तक ट्रेलर को पूरी तरह सड़क से हटाया नहीं जा सका था।