Ranchi: झारखंड में बढ़ती गर्मी को देखते हुए पुलिसकर्मियों की वर्दी में बदलाव किया गया है। पुलिस मुख्यालय ने राज्य के सभी पुलिस अधिकारियों और जवानों के लिए नया ड्रेस कोड जारी किया है। आदेश के अनुसार 9 मार्च से झारखंड पुलिस के सभी अधिकारी और जवान ग्रीष्मकालीन वर्दी में नजर आएंगे।
जारी निर्देश के मुताबिक अब पुलिसकर्मी फुल आस्तीन की जगह आस्तीन मोड़कर (हाफ स्लीव्स) वर्दी पहनेंगे। इसके साथ ही वर्दी के साथ टोपी लगाना भी अनिवार्य किया गया है। यह व्यवस्था 9 मार्च से लागू होकर 15 नवंबर तक प्रभावी रहेगी।
आईजी प्रोविजन द्वारा जारी पत्र में बताया गया है कि इससे पहले नवंबर 2025 में शीतकालीन वर्दी पहनने का निर्देश जारी किया गया था। लेकिन अब मौसम में बदलाव और तापमान में वृद्धि को देखते हुए पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ने ग्रीष्मकालीन वर्दी लागू करने की मंजूरी दे दी है।
पुलिस मुख्यालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह आदेश सभी पर समान रूप से लागू होगा। फील्ड में तैनात पुलिसकर्मियों से लेकर कार्यालयों में कार्यरत अधिकारियों तक सभी को नए ड्रेस कोड का पालन करना अनिवार्य होगा।