Palamu: पलामू जिले के शहर थाना क्षेत्र में बच्चा चोर होने के शक में एक बुजुर्ग और एक महिला के साथ भीड़ द्वारा मारपीट करने का मामला सामने आया है। यह घटना गुरुवार रात करीब नौ बजे सुदना स्थित अधोर आश्रम के पास हुई, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि एक बुजुर्ग व्यक्ति और एक महिला रात के समय सुदना इलाके में घूमते हुए दिखाई दिए। उनकी गतिविधियों पर संदेह होने पर स्थानीय लोगों ने उन्हें रोक लिया और बिना किसी पुष्टि के बच्चा चोर होने का आरोप लगाकर मारपीट शुरू कर दी। कुछ ही देर में वहां बड़ी संख्या में लोग जुट गए और दोनों के साथ हाथापाई होने लगी।
घटना की सूचना मिलते ही टीपीओ-3 के प्रभारी अजय गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर किसी तरह दोनों को भीड़ के चंगुल से छुड़ाया और सुरक्षित बाहर निकाला।
मारपीट में घायल दोनों को तुरंत इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें शहर थाना लाकर पूछताछ की गई। फिलहाल दोनों अपनी पहचान बताने की स्थिति में नहीं हैं और अर्धविक्षिप्त अवस्था में बताए जा रहे हैं।
शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और कानून को अपने हाथ में न लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि उचित कार्रवाई की जा सके। साथ ही चेतावनी दी कि अफवाह के आधार पर हिंसा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।