रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने पैतृक गांव नेमरा में आयोजित पारंपरिक बाहा पर्व में सपरिवार शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री ग्रामीणों के साथ नेमरा गांव स्थित जाहेर थान पहुंचे और पारंपरिक विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर राज्यवासियों की सुख, समृद्धि, खुशहाली और उन्नति की कामना की।
परंपरा के अनुसार पूजन कार्य गांव के नाइके बाबा (पाहन) चैतन टुडू और कुडम नाइके बाबा (उप पाहन) छोटू बेसरा ने संपन्न कराया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ग्रामीणों के साथ अपने निवास से पदयात्रा करते हुए जाहेर थान तक पहुंचे और ‘बाहा पूजा’ में भाग लिया।
मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर ग्रामीणों में दिखा उत्साह
हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बाहा पर्व में शामिल होने नेमरा पहुंचे। उन्हें अपने बीच पाकर नेमरा और आसपास के गांवों के लोग काफी उत्साहित नजर आए। पारंपरिक संस्कृति के अनुरूप ग्रामीण ढोल-नगाड़ा और मांदर बजाते हुए मुख्यमंत्री के साथ जाहेर थान तक पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्वयं मांदर बजाकर ग्रामीणों का उत्साह बढ़ाया। मौके पर उपस्थित लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत और अभिनंदन किया।
सपरिवार दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे नेमरा
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी पत्नी और विधायक कल्पना सोरेन सहित सपरिवार दो दिवसीय दौरे पर नेमरा पहुंचे हैं। उनके आगमन की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग गांव पहुंचे और मुख्यमंत्री से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने भी आत्मीयता के साथ लोगों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। साथ ही उपस्थित लोगों को बाहा पर्व की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।