बोकारो: जिले के बालीडीह ओपी क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक कुख्यात अपराधी घायल हो गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में प्रिंस गुप्ता उर्फ प्रिंस भाटिया के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस कार्रवाई में कुल 6 अपराधियों को दबोचा गया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बालीडीह इलाके में प्रिंस गुप्ता अपने साथियों के साथ किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहा है। सूचना के आधार पर बोकारो एसपी हरविंदर सिंह के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया और इलाके में छापेमारी शुरू की गई।
छापेमारी के दौरान खुद को घिरा देख अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने पहले उन्हें सरेंडर करने की चेतावनी दी, लेकिन जब गोलीबारी जारी रही तो आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी। इसी दौरान प्रिंस गुप्ता के पैर में गोली लग गई, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा।
पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा, जहां कड़ी सुरक्षा में उसका उपचार चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही एसपी हरविंदर सिंह, सिटी डीएसपी आलोक रंजन समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई।
जांच में सामने आया है कि प्रिंस गुप्ता एक शातिर अपराधी है और उसका संबंध प्रिंस खान और अमन गैंग से है। वह लंबे समय से कोयलांचल और बोकारो क्षेत्र में रंगदारी वसूली और धमकी देने जैसी घटनाओं में शामिल रहा है।
फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।