Ranchi: रांची जिले के सोनाहातु थाना क्षेत्र अंतर्गत सारयाद गांव में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक जंगली हाथी अचानक एक कुएं में गिर गया। यह घटना बुंडू वन प्रक्षेत्र की है। हाथी के कुएं में गिरने की खबर फैलते ही आसपास के गांवों से सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जुट गए।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों के मुताबिक, राहत की बात यह रही कि हाथी को कोई गंभीर चोट नहीं आई थी और वह कुएं के अंदर सुरक्षित था।
हालांकि, रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू होने से पहले मामला उस समय उलझ गया जब कुएं के मालिक ने मुआवजे की मांग कर दी। इसको लेकर करीब दो घंटे तक वन विभाग और मालिक के बीच नोकझोंक चलती रही। अंततः वन विभाग ने एक लाख रुपये मुआवजे के तौर पर भुगतान किया, जिसके बाद रेस्क्यू कार्य शुरू किया गया।
इसके बाद जेसीबी मशीन और अन्य जरूरी उपकरणों की मदद से कड़ी मशक्कत करते हुए हाथी को सुरक्षित कुएं से बाहर निकाल लिया गया। रेस्क्यू के बाद हाथी को वापस जंगल की ओर भेज दिया गया।
हाथी के सुरक्षित बाहर निकलने के बाद ग्रामीणों और प्रशासन ने राहत की सांस ली।