Deoghar: झारखंड में कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। देवघर जिले के जसीडीह थाना क्षेत्र में भ्रष्टाचार और पद के दुरुपयोग के गंभीर आरोप सामने आने के बाद पुलिस मुख्यालय ने सख्त कदम उठाते हुए थाना प्रभारी और एक एएसआई के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दे दिए हैं।
यह मामला जसीडीह थाना क्षेत्र के कुंजीसार गांव निवासी अक्षय कुमार पाण्डेय की शिकायत से जुड़ा है। उन्होंने व्हाट्सएप के माध्यम से पुलिस मुख्यालय के जन शिकायत नोडल पदाधिकारी को आवेदन भेजकर जसीडीह थाना प्रभारी दीपक कुमार और एएसआई कौशलेन्द्र कुमार पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
शिकायत में कहा गया है कि दोनों पुलिस पदाधिकारियों ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए अवैध रूप से पैसे की मांग की। इतना ही नहीं, आम नागरिकों को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और अपने अधिकारों का गलत इस्तेमाल करने के भी आरोप लगाए गए हैं। आवेदक ने यह भी दावा किया है कि मामले से जुड़े अहम सबूतों के साथ छेड़छाड़ की गई या उन्हें नष्ट करने की कोशिश की गई। साथ ही, सर्वोच्च न्यायालय द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों की अनदेखी करने की बात भी सामने आई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मुख्यालय के डीजीपी कार्यालय (पीजी शाखा) ने देवघर के पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजकर तत्काल जांच करने और विस्तृत रिपोर्ट शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि विभागीय जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और दोषी पाए जाने पर संबंधित पुलिस अधिकारियों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।