Ranchi: रांची पुलिस ने मैक्लुस्कीगंज के बाजार टांड में हुए दुकानदार विजय केसरी हत्याकांड का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए अपराधियों में देव सिंह मुंडा, गोल्डन यादव और भोला सोनी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, यही अपराधी होली से ठीक एक दिन पहले अनगड़ा थाना क्षेत्र के गेतलसूद स्थित एक शराब दुकान पर भी फायरिंग की घटना में शामिल थे। शराब की मांग को लेकर विवाद के बाद आरोपियों ने दुकान पर करीब पांच राउंड फायरिंग की थी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई थी।
घटना के बाद रांची पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया और अभियान चलाया। इसी क्रम में पुलिस ने अनगड़ा इलाके के एक पोल्ट्री फार्म के पास से तीनों अपराधियों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से दो देशी पिस्तौल और 16 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी देव सिंह मुंडा के खिलाफ विभिन्न थाना क्षेत्रों में हत्या, लूट समेत नौ जघन्य अपराधों के मामले दर्ज हैं। वह और उसके साथी इलाके में अपना वर्चस्व कायम करने के लिए लगातार आपराधिक घटनाओं को अंजाम देते थे।
बताया जा रहा है कि अपराधी वारदात को अंजाम देने के बाद उसकी जानकारी मीडिया तक पहुंचाते थे, ताकि उनकी खबरें चलें और इलाके में दहशत का माहौल बने। फिलहाल पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।