Ranchi: राजधानी रांची स्थित झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के पार्टी कैंप कार्यालय में केंद्रीय महासचिव एवं प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने संवाददाताओं को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार की नीतियों पर तीखा प्रहार किया। प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने घरेलू और विदेश नीति को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल खड़े किए और कई मुद्दों पर राजनीतिक कटाक्ष किया।
सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि देश में घरेलू गैस के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, वहीं पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में भी आम जनता को राहत नहीं मिल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार इन बढ़ती कीमतों को लेकर गंभीर नहीं है और आम लोगों की समस्याओं की अनदेखी कर रही है।
उन्होंने आगे कहा कि आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए भी केंद्र सरकार महंगाई पर कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है। उनके मुताबिक, वर्तमान केंद्र सरकार अब एक “चुनावी सरकार” बनकर रह गई है, जो केवल राजनीतिक फायदे-नुकसान को ध्यान में रखकर फैसले ले रही है।
प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने केंद्र की विदेश नीति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सरकार की नीतियां स्पष्ट और प्रभावी नहीं दिख रही हैं। JMM नेता ने केंद्र से आम जनता को राहत देने और महंगाई पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।