Ranchi: रांची के अनगड़ा थाना क्षेत्र स्थित गेतलसूद में कंपोजिट शराब दुकान पर फायरिंग करने वाले तीन बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देव सिंह मुंडा उर्फ देवा, गोविंद यादव और भोला के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से घटना में इस्तेमाल किया गया अवैध हथियार भी बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, 3 मार्च की रात शराब को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपियों ने गेतलसूद स्थित शराब दुकान पर पहुंचकर करीब पांच राउंड फायरिंग कर दी थी। अचानक हुई फायरिंग से दुकान में मौजूद ग्राहकों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही अनगड़ा थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। त्वरित छापेमारी करते हुए पुलिस ने तीनों आरोपियों को जोन्हा के पास से गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।