Ranchi: रांची जिले के रातू थाना क्षेत्र अंतर्गत बसाईर टोली तिगरा गांव में एक कुएं से दो बुजुर्गों के शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने प्रारंभिक जांच में इसे हादसा मानते हुए यूडी केस दर्ज किया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है.
लोटा-पानी कार्यक्रम में आए थे दोनों
मृतकों की पहचान जरिया बेड़ो निवासी बंधन भगत (50 वर्ष) और पुनई उरांव (60 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों रविवार को तिगरा गांव में आयोजित लोटा-पानी (छेका) रस्म में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम के बाद से ही वे लापता थे। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला।
ग्रामीणों ने कुएं में देखा संदिग्ध वस्तु
मंगलवार रात गांव के कुछ लोगों ने बीच गांव स्थित एक कुएं में संदिग्ध वस्तु तैरती देखी। जब पास जाकर देखा गया तो पानी के अंदर दो शव नजर आए। ग्रामीणों ने किसी तरह दोनों शवों को बाहर निकाला और उनकी पहचान की। इसके बाद जरिया बेड़ो से आए परिजन शवों को अपने साथ ले गए। बताया जा रहा है कि इस दौरान पुलिस को तत्काल सूचना नहीं दी गई।
पुलिस ने दर्ज किया यूडी केस
बुधवार को मामला रातू थाने तक पहुंचा, जिसके बाद पुलिस टीम जरिया बेड़ो पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना प्रभारी रामनरायण ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
30 फीट गहरे कुएं में गिरने की आशंका
ग्रामीणों के मुताबिक, गांव के बीच स्थित करीब 30 फीट गहरे इस कुएं के आसपास कोई रेलिंग या सुरक्षा इंतजाम नहीं है। आशंका जताई जा रही है कि अंधेरे में दोनों बुजुर्ग कुएं में गिर गए होंगे। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।