Giridih: जिले की पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. मंगलवार को एसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि डीएसपी (साइबर) आबिद खान के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी. गुप्त सूचना और तकनीकी इनपुट के आधार पर टीम ने जाल बिछाकर आरोपियों को दबोच लिया.
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान आशीष मंडल, रंजीत कुमार मंडल और रामेश्वर मंडल के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, तीनों लंबे समय से साइबर ठगी की वारदातों में सक्रिय थे. ये लोग आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर भोले-भाले लोगों को अपने जाल में फंसाते और उनके बैंक खातों से अवैध रूप से पैसे निकाल लेते थे.
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से साइबर अपराध में प्रयुक्त कई उपकरण और सामान भी बरामद किए हैं. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है.