Hazaribagh: Jharkhand के Hazaribagh जिले में सोमवार को दोहरे हत्याकांड से इलाके में दहशत फैल गई. बड़कागांव प्रखंड के बाबूपाड़ा गांव में अज्ञात अपराधियों ने घर में घुसकर बुजुर्ग दंपती की हत्या कर दी. मृतकों की पहचान वकील राम और झुनिया देवी के रूप में हुई है. दोनों स्थानीय शिक्षक रामविलास दास के माता-पिता बताए जा रहे हैं.
सुबह ग्रामीणों ने देखा संदिग्ध हालात
बताया जाता है कि सोमवार सुबह काफी देर तक घर से कोई गतिविधि नहीं दिखने पर पड़ोसियों को शक हुआ. जब ग्रामीण अंदर पहुंचे तो दोनों बुजुर्ग मृत अवस्था में पड़े मिले. यह दृश्य देखते ही गांव में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस को खबर दी गई.
मौके पर पहुंची पुलिस, हर एंगल से जांच
सूचना के बाद डीएसपी और स्थानीय थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की. प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश, लूटपाट या अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि हत्या के पीछे कोई और वजह तो नहीं है.
जल्द खुलासे का दावा
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य संकलन किया जा रहा है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा. घटना से ग्रामीणों में गहरा आक्रोश और भय का माहौल है. स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है. पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाएगा.