Ranchi: रांची के डोरंडा इलाके में हुए हिट एंड रन मामले ने अब कानूनी मोड़ ले लिया है. यह मामला झारखंड हाई कोर्ट पहुंच गया, जहां अधिवक्ता एसोसिएशन ने अदालत को बताया कि हाईकोर्ट के वकील मनोज टंडन को डोरंडा थाना पुलिस ने दुर्घटना मामले में हिरासत में लिया है. साथ ही यह भी कहा गया कि बड़ी संख्या में जुटी भीड़ उनके खिलाफ आक्रामक है, जिससे उनकी सुरक्षा को खतरा है.
मामले की सुनवाई करते हुए चीफ जस्टिस एम एस सोनक की बेंच ने स्पष्ट कहा कि “कानून से ऊपर कोई नहीं है” और पुलिस को नियमों के तहत कार्रवाई करने का निर्देश दिया. अदालत ने मनोज टंडन को किसी प्रकार की राहत देने से इनकार कर दिया.
हालांकि कोर्ट ने राज्य के महाधिवक्ता को निर्देश दिया कि अधिवक्ता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधिकारियों से समन्वय स्थापित किया जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके.