Ranchi: झारखंड पुलिस में प्रोन्नति की राह देख रहे दरोगा और सार्जेंट के लिए आयोजित प्रमोशन ट्रेनिंग के कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। प्रशिक्षण के अंतिम सप्ताह की तारीखों को आगे बढ़ा दिया गया है. अब यह चरण फरवरी की बजाय मार्च के दूसरे सप्ताह में आयोजित होगा.
चुनाव और होली के कारण लिया गया फैसला
झारखंड पुलिस अकादमी, हजारीबाग की ओर से आईजी प्रशिक्षण को भेजे गए प्रस्ताव में बताया गया कि फरवरी में प्रस्तावित नगर निकाय चुनाव और मार्च के पहले सप्ताह में होली पर्व को देखते हुए जिलों में विधि-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है. प्रशिक्षण में शामिल होने वाले अधिकारियों की तैनाती विभिन्न जिलों में है, ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित न हो, इसे ध्यान में रखते हुए तारीखों में संशोधन का अनुरोध किया गया था.
निदेशालय ने अकादमी के प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी है. पहले यह प्रशिक्षण 15 फरवरी से शुरू होना था, लेकिन संशोधित कार्यक्रम के अनुसार आठ सप्ताह के अधिष्ठापन प्रशिक्षण का अंतिम सप्ताह अब 9 मार्च से 14 मार्च तक आयोजित किया जाएगा.
इस बदलाव से संबंधित अधिकारियों को नई तिथियों की जानकारी दे दी गई है, ताकि वे संशोधित शेड्यूल के अनुसार तैयारी कर सकें.