Ranchi: रांची के विधानसभा थाना क्षेत्र में जमीन कब्जे को लेकर हुए खूनी संघर्ष का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। विवादित जमीन पर कब्जे की कोशिश के दौरान दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें चाकूबाजी और जमकर मारपीट हुई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या का आरोपी अपने सहयोगियों के साथ मिलकर विवादित जमीन पर कब्जा करने पहुंचा था। इसी दौरान दूसरे पक्ष ने इसका विरोध किया, जिसके बाद दोनों ओर से मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि झड़प के दौरान कुछ लोगों ने हथियार लहराए, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।
मामले में जाकिर अंसारी की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक दर्जन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने 30 नामजद और 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से एक फोल्डेबल रायफल, एक देशी पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस और एक खाली मैगजीन बरामद की है। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल की गई कई गाड़ियों को भी जब्त किया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।