Ranchi: राजधानी रांची में अवैध देह व्यापार के खिलाफ पुलिस ने बड़ा अभियान छेड़ दिया है। शहर के कई थाना क्षेत्रों में एक साथ ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है। गुप्त सूचना के आधार पर शुरू किए गए इस ऑपरेशन में कई लड़के और लड़कियों को हिरासत में लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को लंबे समय से शिकायत मिल रही थी कि शहर के कुछ इलाकों में किराए के मकानों, लॉज और होटलों की आड़ में सेक्स रैकेट का अवैध धंधा संचालित किया जा रहा है। इसके बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर अलग-अलग टीमों का गठन कर एक साथ कार्रवाई की गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने संदिग्ध स्थानों से कई आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की है। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस धंधे के पीछे कोई संगठित गिरोह तो सक्रिय नहीं है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में अवैध गतिविधियों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। मामले में संबंधित थाना क्षेत्रों में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।