Ranchi: रांची में एक बार फिर बम धमकी से हड़कंप मच गया है। इस बार रातू रोड स्थित गैलेक्सिया मॉल में संचालित पासपोर्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। अज्ञात व्यक्ति ने ईमेल के माध्यम से यह धमकी भरा संदेश भेजा है।
धमकी की सूचना मिलते ही कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोए के नेतृत्व में पुलिस टीम और बम निरोधक दस्ता (BDS) मौके पर पहुंचा और जांच शुरू कर दी। सुरक्षा के मद्देनजर पासपोर्ट ऑफिस परिसर और आसपास के क्षेत्र की गहन तलाशी ली जा रही है। हालांकि जांच के दौरान अब तक किसी भी तरह का संदिग्ध सामान बरामद नहीं हुआ है।
गौरतलब है कि इससे पहले पिछले सप्ताह भी रांची सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। अज्ञात शख्स द्वारा भेजे गए ईमेल में आरडीएक्स से विस्फोट करने की बात कही गई थी। धमकी मिलने के बाद पुलिस और जिला प्रशासन अलर्ट हो गया था और पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी।