Ranchi: रांची में शिक्षा व्यवस्था को संचालित करने वाला विभाग अपने ही कार्यालय परिसर को अतिक्रमण से बचाने में असहाय नजर आ रहा है। रांची जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) कार्यालय परिसर में लगातार बढ़ रहे कब्जे और अवैध निर्माण को लेकर विभाग की चिंता बढ़ती जा रही है, लेकिन तीन महीने बीत जाने के बाद भी प्रशासनिक स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
दरअसल, DEO कार्यालय परिसर की खाली जमीन पर कथित रूप से NCC की ओर से बिना अनुमति निर्माण कार्य किए जाने की शिकायत की गई है। इससे परिसर की उपलब्ध जगह लगातार कम होती जा रही है और अन्य स्थानों का भी गलत इस्तेमाल होने लगा है।
निगम आयुक्त और एसडीओ को भेजा गया था पत्र
इस मामले को लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारी की ओर से 31 दिसंबर 2025 को रांची नगर निगम के नगर आयुक्त को और 29 जनवरी 2026 को रांची के अनुमंडल पदाधिकारी को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की गई थी। पत्र में स्पष्ट तौर पर कहा गया था कि बिना अनुमति निर्माण कार्य और अन्य गतिविधियों से कार्यालय परिसर प्रभावित हो रहा है।
गेट पर गुमटी और अवैध पार्किंग से बढ़ी परेशानी
कार्यालय के मुख्य गेट के पास अवैध गुमटी का संचालन और गाड़ियों की अवैध पार्किंग भी शुरू हो गई है। इससे रोजाना कार्यालय आने वाले शिक्षक, छात्र और कर्मचारियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हैरानी की बात यह है कि अतिक्रमण हटाने की मांग किए तीन महीने से अधिक समय गुजर जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
दान में मिली थी शिक्षा के लिए जमीन
जिस जमीन पर आज अतिक्रमण की समस्या खड़ी हो गई है, वह जमीन दरभंगा महाराज ने शैक्षणिक कार्यों के लिए दान में दी थी। पहले यह जमीन बिहार के राज्यपाल के नाम दर्ज थी, बाद में इसकी रजिस्ट्री शिक्षा विभाग के नाम कर दी गई।
अब इसी परिसर में लगातार बढ़ते अतिक्रमण ने शिक्षा विभाग की चिंता बढ़ा दी है और विभाग खुद अपने ही परिसर को बचाने के लिए प्रशासन से मदद की गुहार लगा रहा है।