Ranchi: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान रविवार सुबह एक आईईडी विस्फोट में कोबरा बटालियन के सहायक कमांडेंट अजय मल्लिक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची एयरलिफ्ट किया गया।
जानकारी के अनुसार, कोबरा बटालियन के जवान सर्च ऑपरेशन के तहत घने जंगलों में नक्सली ठिकानों की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान नक्सलियों द्वारा पहले से प्लांट किए गए इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) में विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि पास मौजूद अधिकारी उसकी चपेट में आ गए।
एसपी ने की पुष्टि
पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि नक्सली लगातार सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के लिए जंगलों में विस्फोटक लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अभियान को और तेज किया जाएगा और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
15 दिनों में तीसरी घटना
सारंडा क्षेत्र में पिछले पंद्रह दिनों के भीतर यह तीसरी बड़ी घटना है। इससे पहले भी आईईडी ब्लास्ट में एक ग्रामीण की मौत हो चुकी है, जबकि दो जवान घायल हुए थे। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ा दी है और सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है।
अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में शांति बहाल करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और नक्सलियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।